मंझनपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद्र की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई गई। जगह-जगह खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने दमखम के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत भी किया गया।
जिला स्तर पर टेवां स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता हुई। इस दौरान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद्र को नमन किया गया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार शर्मा व अन्य प्रशिक्षकों ने मेजर ध्यान चंद्र के बारे में बताया। पहला मैच एसएवी सिराथू और सरायअकिल के बीच खेला गया। इसमें एसएवी की टीम ने सरायअकिल को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा मैच स्टेडियम ए और स्टेडियम बी के बीच हुआ, जिसमें स्टेडियम ए ने स्टेडियम बी को 5 -1 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। फाइनल मैच एसएवी सिराथू और स्टेडियम ए के बीच खेला गया। इसमें स्टेडियम ए ने एएसवी को 4-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। टूर्नामेंट में पवन सरोज ने 5 गोल दागे। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी ने उन्हें साइकिल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य विजेता टीम के खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केसरवानी, विजय भार्गव, अंशुल केसरवानी, राजीव सिंह, मनमोहन सिंह, आलोक पटेल, आलोक सोनी, कौशिक पाल, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
भरवारी नगर स्थित कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल एंड कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। केपीएस में चेस, बैडमिंटन और वाद-विवाद प्रतियोगिता हुईं। चेस और बैडमिंटन प्रतियोगिता केपीएस भरवारी और एनडी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज के छात्र -छात्राओं के बीच हुई। दोनों में केपीएस भरवारी के छात्र-छात्राओं ने जीत हासिल की। वाद-विवाद प्रतियोगिता में एनडी कॉन्वेंट स्कूल एंड कॉलेज के बच्चों ने केपीएस को शिकस्त दी। रिद्धि सिद्धि कॉलेज ऑफ फार्मेसी के गंगेंद्र मिश्रा और अमित दुबे निर्णायक मंडल में शामिल रहे। इस मौके पर रजत राम, विकास पांडेय, संस्कृति, मृत्युंजय, सुजीत आदि मौजूद रहे।
कहीं हॉकी तो कहीं पर हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता
भरवारी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी, क्रिकेट तो कहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। भवंस मेहता विद्याश्रम में हॉकी प्रतियोगिता हुई। प्रधानाचार्य संजय कुमार श्रीवास्तव ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भवंस इलेवन सीनियर ग्रुप एवं जूनियर ग्रुप में प्रतियोगिता हुई। इसमें सीनियर ग्रुप ने जीत हासिल की। सीनियर इलेवन गर्ल्स और सीनियर 12 गर्ल्स के बीच क्रिकेट मैच हुआ। इसमें सीनियर 12 गर्ल्स विजयी हुई। भवंस मेहता महाविद्यालय में बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई। बालिका वर्ग में मौसम मौर्या प्रथम, नीलू चौरसिया द्वितीय, प्रतिज्ञा त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में बृजेश, राहुल कुमार और राकेश कुमार क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. श्रद्धा तिवारी ने जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रो. विवेक त्रिपाठी, प्रो. श्वेता, प्रो. पंकज कुमार, डॉ. विमलेश, डॉ. श्रद्धा तिवारी आदि मौजूद रहे।
चक दे इंडिया पर डांस कर बच्चों ने हॉकी के जादूगर को किया नमन
नेवादा। चायल क्षेत्र के काजीपुर स्थित विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं। प्रबंधक डॉ. केके तिवारी ने कार्यक्रम उद्घाटन किया। छोटे बच्चों ने चक दे इंडिया गीत पर डांस प्रस्तुत कर हाॅकी के जादूगर को श्रद्धांजलि दी। बास्केट बॉल प्रतियोगिता में रेड हाउस, कक्षा एक से पांच की खो-खो में ब्ल्यू हाउस, छह से आठ तक में ग्रीन हाउस, नौ से बारह तक की खो-खो प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस टीम विजेता रही।
कंपोजिट विद्यालय सौरई बुजुर्ग में हुई बाल सभा
कड़ा। कंपोजिट विद्यालय सौरई बुजुर्ग में बाल सभा का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने उम्र अनुकूल सूचनाएं आदान-प्रदान कर अपनी बात रखते हुए बारीकियों को सीखा। बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों को सम्मान व बल मिलेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान पुष्पा देवी और वीडीओ विकास शर्मा, शिक्षक अजय साहू आदि मौजूद रहे। संवाद