करारी। कोतवाली क्षेत्र के मंगौरा गांव के समीप चलती बाइक से पीछे बैठा साथी कूद गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक जख्मी हो गया। शिकायत पर पुलिस ने साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फरीदनपुर निवासी मुकुली देवी ने बताया कि तीन जून को दोपहर तैयबपुर मंगौरा गांव के दुन्ना प्रसाद और भटवरिया गांव के शंकर लाल उसके घर पहुंचे। पति मुकुल से मंगौरा गांव के बाहर मंदिर तक छोड़ने के लिए कहा। दुन्ना के जिद करने पर मुकुल उनके साथ बाइक लेकर चला गया।
करीब आधे घंटे बाद पता चला कि मंगौरा गांव के समीप फरीदनपुर रोड पर हादसे में मुकुल जख्मी हो गया है। परिजन पहुंचे और किसी तरह मुकुल को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के मुताबिक चलती बाइक सेे दुन्ना और शंकरलाल कूद गए थे। इसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे वह जख्मी हो गया। मुकुली देवी ने दोनों युवकों के खिलाफ करारी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।