डीएम, जिला विकास अधिकारी समेत कई अफसरों ने बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। दो समितियां बंद मिलीं। निरीक्षण के बाद दोनों समितियों के सचिवों का एक वेतन रोक दिया गया है। जबकि डीएम के निर्देश पर निरीक्षण करने पहुंचे एआर कोऑपरेटिव ने ओसा सचिव को हटा दिया है।
डीएम मधुसूदन हुल्गी के निरीक्षण में साधन सहकारी समिति भरसवां बंद मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। ओसा मंडी के इफको बाजार में डीएपी नहीं मिली। इस पर हमेशा पर्याप्त डीएपी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय गौरा डेरा का भी जायजा लिया।
यहां सब कुछ ठीकठाक मिला। डीएम के निर्देश पर ही डीडीओ सुखराज बंधु ने साधन सहकारी समिति ओसा व करारी का निरीक्षण किया। दोनों समितियां बंद मिलीं। दोनों के सचिवों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया। ओसा के सचिव को एआर कोऑपरेटिव ने हटा दिया। वहीं, उप कृषि निदेशक सतेंद्र तिवारी ने साधन सहकारी समिति पट्टी परवेजाबाद व पिपरकुंडी का निरीक्षण किया। किसानों से बातचीत की। जिला कृषि अधिकारी संतराम ने साधन सहकारी समिति शमसाबाद का निरीक्षण किया। यहां सब कुछ चुस्त-दुरुस्त मिला।