सिराथू तहसील क्षेत्र के कमासिन गांव के समीप हाईवे किनारे स्थित निर्माणाधीन स्टोर में मनमाने तरीके से आलू डंप कराया जा रहा है। स्टोर निर्माणाधीन है। निर्माण के दौरान आलू डंप कराने पर इस स्टोर को उद्यान विभाग ने सीज कर दिया था। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय को इसकी रिपोर्ट भी भेज दी थी। इसके बाद भी स्टोर मालिक स्टोर बंद होने का बोर्ड लगाकर आलू डंप करवा रहा है। इस खेल में अधिकारियों की भी भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
कमासिन गांव के समीप राज कोल्ड स्टोर का निर्माण चल रहा है। इस स्टोर का अभी निर्माण कार्य चल रहा है। पखवारे भर से इस स्टोर में आलू डंप कराया जा रहा था। निर्माणाधीन होने के कारण किसानों का आलू खराब होने की पूरी संभावना थी। जानकारी होने पर अपर जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने जांच के बाद स्टोर को सीज कर दिया था। जांच हुए पांच दिन भी नहीं बीता था कि स्टोर मालिक ने दोबारा आलू डंप करवाना शुरू कर दिया। जबकि इस स्टोर के खिलाफ बिल्डिंग कोड न होने के आरोप में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय को रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है। यह रिपोर्ट कानपुर में हुए हादसे के मद्देनजर अधिकारियों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए भेजी थी।
स्टोर में तमाम खामियां थीं। जांच के बाद निदेशालय को रिपोर्ट भेजते हुए स्टोर को सीज किया गया था। यदि वहां आलू दोबारा डंप कराया जा रहा है तो मामला गंभीर है। वह इसकी खुद जांच करके कार्रवाई करेंगे।
मेवाराम, अपर जिला उद्यान अधिकारी