सूबे के मुख्यमंत्री जिले की 31 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण तो सात का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्षों ने तैयारियां पूरी कर ली है। कार्यक्रम वाले दिन संबंधित स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाएं चाक चौबंद रहेंगी। इसके लिए विभागाध्यक्षों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अखिलेश यादव 28 मई को कौशाम्बी आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले भर में तैयारियां जोरों पर हैं। जिले में आने के बाद सूबे के मुखिया कुल 38 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्षों ने तैयारी पूरी कर ली है। कार्यक्रम वाले दिन तेज धूप और गर्मी के चलते लोग बीमार हो सकते हैं। इसकी संभावना के मद्देनजर ओसा मंडी, मूरतगंज हाईवे पर महिला और पुरुष चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। इतना ही नहीं नजदीकी पीएचसी और सीएचसी पर बनाए गए इमरजेंसी वार्ड सभी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा से व्यवस्थित रहेंगे। इसके लिए डीएम अखंड प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी को जिम्मेदारी सौंप दी है।
सूबे के मुख्यमंत्री के आगमन पर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मंच पर पहुंचने से पहले या फिर मंच से उतरने के बाद उन्हें सेफ हाउस में जलपान कराया जाएगा। इस सेफ हाउस में चिह्नित जनप्रतिनिधि के अलावा गिने चुने अफसर ही प्रवेश कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री की जनसभा में मंच पर कुछ गिने-चुने लोगों को ही स्थान मिल सकेगा। मंच पर कौन-कौन जनप्रतिनिधि बैठ सकेंगे, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा वीआईपी कार्ड जारी किया जाएगा। जिन लोगों के पास यह कार्ड नहीं होगा वह किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री के मंच पर नहीं फटक सकेंगे। यही हाल सरकारी अफसरों का भी होगा। मंच के आस-पास व्यवस्था पर नजर रखने के लिए तैनात अफसरों को भी कार्ड जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला अधिकारी बेहद संजीदा हैं। डीएम, एडीएम, सीडीओ द्वारा प्रतिदिन विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रगति समीक्षा की जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री की प्राथमिकता से जुड़े लोहिया ग्राम, समाजवादी पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, सीसी रोड, पेयजल समस्या, बिजली को लेकर प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस लाइन में बन रहे हैलीपैड से लेकर ओसा स्थित मंडी समिति तक एक-एक स्थलों का चिन्हांकन किया जा चुका है। यहां के बाद मूरतगंज फोर लेन उद्घाटन स्थल तक किन-किन स्थलों पर पुलिस की तैनाती होनी है इसका खाका तैयार किया जा चुका है। सुरक्षा में किसी प्रकार की सेंध न हो सके इसके लिए एसपी ने गैर जनपद से जवानों, एसआई और सीओ स्तर के अधिकारियों की मांग की है। मुख्यमंत्री के आगमन वाले दिन पुलिस लाइन से लेकर ओसा मंडी और फिर फोरलेन पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगहबानी रहेगी।