बलिहवा देह के प्राथमिक विद्यालय के बगल में आम रास्ते में भरा गंदा पानी, चोक नाली। संवाद
एक साल से नाले-नालियों की सफाई नहीं होने से मूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों और बाजारों में जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है। बलिहावा देह स्थित प्राथमिक विद्यालय के बगल की नाली पूरी तरह चोक पड़ी है, जबकि मूरतगंज बाजार से मेला बाग तक बना लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा नाला भी गंदगी और सिल्ट से भर चुका है।
बलिहावा देह में नालियों के जाम होन से सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है, जिन्हें इसी रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गंदे पानी में गिर जाते हैं, जिससे संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीण धर्मेंद्र का कहना है कि जलभराव के कारण डेंगू, डायरिया और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है।
शिकायतों के बाद भी नहीं जागा विभाग
ग्रामीण आसिफ, पप्पू, कल्लू, राजू समेत कई लोगों ने बताया कि उन्हें याद नहीं कि आखिरी बार सफाईकर्मी कब गांव में सफाई करने आए थे। गांव के किनारे बने नाले की करीब एक वर्ष से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। बरसात नजदीक है लेकिन नाली-नाला सफाई अभियान शुरू नहीं किया गया है।
बरसात से पहले सभी नालों और नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि जलभराव की स्थिति न बनने पाए। -बृजेश कुमार, बीडीओ, मूरतगंज