चायल तहसील में विरोध करते नाराज अधिवक्तागण। संवाद
चायल तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सीओ चायल अभिषेक सिंह और बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे वकीलों को पुलिस के जरिये बाहर कराने का प्रयास किया गया।
नाराज अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से शिकायत करने के साथ आंदोलन की चेतावनी दी है। बार एसोसिएशन के महामंत्री अजीत सिंह के अनुसार तहसील में वरासत, भूमि पैमाइश समेत कई मामलों में लेखपाल और कानूनगो समय पर कार्य नहीं कर रहे हैं।
इन समस्याओं की शिकायत छह जून को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।शनिवार को इसी मामले की वजह से दर्जन भर से अधिक अधिवक्ता समाधान दिवस में पहुंचे थे।
आरोप है कि सीओ अभिषेक सिंह ने अधिवक्ताओं को बाहर रोकने के निर्देश दिए, जिसके विरोध में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
कुछ अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए सभागार में पहुंच गए। उन्हें शांत रहने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखने के लिए कहा गया, लेकिन वे लगातार नारेबाजी करते रहे। इससे कार्रवाई प्रभावित होने लगी। इसके बाद पुलिस की मदद से उन्हें सभागार से बाहर किया गया। - अभिषेक सिंह , क्षेत्राधिकारी चायल