प्रयागराज के कोंराव में निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय में कौशाम्बी के श्रमिकों के बच्चे भी दाखिला ले सकेंगे। इसके अलावा कोविडकाल के दौरान अनाथ हुए बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा। बिना किसी शुल्क के सीबीएसई पैटर्न की शिक्षा हासिल कर सकेंगे। इसके लिए श्रम विभाग में आवेदन जमा कराए जाने लगे हैं।
कोरांव में इस विश्वस्तरीय विद्यालय का निर्माण 13.07 एकड़ में किया जा रहा है। सीडीओ डॉ.रवि किशोर त्रिवेदी ने बताया कि विद्यालय का संचालन मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की ओर से किया जाएगा। विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न पर निशुल्क शिक्षा बच्चों को दी जाएगी। खेलकूद के लिए मैदान एवं अन्य सुविधाएं होंगी। छात्र एवं छात्राओं के लिए निशुल्क छात्रावास एवं भोजन आदि की सुविधाएं मिलेंगी। एक हजार बच्चे यहां पर शिक्षाग्रहण कर सकेंगे।
शैक्षिक सत्र 2023-24 के लिए कक्षा छह में 80 बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें 40 छात्र एवं 40 छात्राएं होंगी। इसमें केवल उन्हीं निर्माण श्रमिकों के बच्चों को दाखिला मिलेगा, जिनका बीओसीडब्ल्यू बोर्ड में पंजीकरण तीन वर्ष से अधिक पुराना हो। एक श्रमिक के परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही यहां पर प्रवेश पा सकेंगे।
अटल आवासीय विद्यालय में दाखिला पाने के लिए बच्चों का न्यूनतम 5वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा बच्चे की जन्मतिथि 01 मई 2010 से दिनांक 30 अप्रैल 2013 के बीच होनी चाहिए। आयु का यह नियम सभी वर्गों पर लागू होगा। स्कूल की प्रवेश परीक्षा के लिए श्रम प्रवर्तन कार्यालय, कौशाम्बी में 25 मई तक आवेदन जमा होंगे। प्रवेश परीक्षा 11 जून को होगी, जबकि परिणाम 30 जून तक घोषित किए जाएंगे।