मांगाें को लेकर चौकीदार संघ शुक्रवार को धरने पर रहा। चौकीदारों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को मांगों से भरा ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने चौकीदारों को अतिशीघ्र समस्याओं के निराकरण कराने का आश्वासन दिया है।
जिले के थानों में तैनात चौकीदार शुक्रवार को एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। चौकीदारों का कहना है कि वह गांवों में होने वाली हर छोटी बड़ी घटनाओं की जानकारी रखते हैं। फिर भी प्रशासन उन्हें मानदेय के रूप में केवल 1500 रुपये देता है।
जिससे उनका भरण पोषण नहीं हो पा रहा है। चौकीदारों ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि उन्हें चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी घोषित किया जाए। और उन्हें दुर्घटना बीमा पांच लाख रुपये तथा बीमार होने पर निशुल्क दवा की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी ने चौकीदारों को अतिशीघ्र समस्याओं के निराकरण कराने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर शिव बाबू, राम बहादुर, श्याम लाल, जगरूप, जग्गू लाल, राम जी, विनोद कुमार, सुरेंद्र कुमार, राम लौटन, दशरथ लाल, शिव पूजन आदि चौकीदार मौजूद रहे।