क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बीच साथी की हिम्मत और सूझबूझ सामने आई। हादसे में अपने दोस्त को खोने के बावजूद उसने भाग रहे डंपर का पीछा कर उसका नंबर मोबाइल में कैद कर लिया, ताकि आरोपी बच न सके। हासिमपुर किनार निवासी मस्तान ने बताया कि वह अपने साथी रिशू के साथ बाइक से तिल्हापुर मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बालू लदे डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी और रिशू की मौके पर ही मौत हो गई।
मस्तान ने बताया कि दोस्त की हालत देखकर वह टूट गया था, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने भाग रहे डंपर का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर तक बाइक से पीछा करते हुए उसने एक हाथ से बाइक चलाई और दूसरे हाथ से मोबाइल निकालकर डंपर की नंबर प्लेट का वीडियो बना लिया। इस साहसिक कदम से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में अहम मदद मिल सकती है।
एक जनवरी को डाक कर्मी युवती को भी कुचला था ओवरलोड डंपर
बीते एक जनवरी को उपडाकघर तिल्हापुर में तैनात सहायक शाखा डाकपाल दीपिका सिंह (22) को भी नेवादा में इसी स्थान पर ओवरलोड बालू लदे डंपर ने कुचल दिया था। दीपिका प्रयागराज के झपिया लालबिहारा की रहने वाली थीं और ड्यूटी के बाद वह वापस स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं।