मंझनपुर। मौसम में अचानक हुए बदलाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसी की पकी हुई धान की फसल गिर गई तो किसी कि बूंदाबांदी से भीग गई। दोनों ही सूरतों में खेती का काम फिलहाल अटक गया है। अब फसल के सूखने तक मड़ाई नहीं हो पाएगी।
सोमवार को जहां तेज हवा के साथ कड़ा और सिराथू समेत कई जगह बूंदाबांदी हुई वहीं मंगलवार को भी सुबह हवा में ठंडक महसूस की गई। मंझनपुर समेत कई इलाकों में 12 बजे के आसपास बारिश शुरू हो गई। इससे किसानों बेचैन हो गए। करीब 10 मिनट में ही जब बारिश थम गई तो राहत की सांस ली।
कड़ा ब्लॉक के मरदानपुर बरजी निवासी रामधनी ने बताया कि तेज हवा के कारण एक बीघे धान की पकी हुई फसल गिर गई है। ज्यादा पानी बरसा तो यह खराब भी हो सकती है। इसी गांव के उमेश मौर्य की भी खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई। उमेश ने कहा कि अब कटाई और मड़ाई के लिए फसल सूखने का इंतजार करना पड़ेगा।