चमरूपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले एक सप्ताह से कोई चिकित्सक तैनात नहीं है। यहां कार्यरत एकमात्र डॉक्टर का चार जून को पीएचसी गौसपुर स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद से अब तक नए चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है। यहां पर फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
डॉक्टर न होने से मरीजों को इलाज के लिए मंझनपुर जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। वहीं पीएचसी में एलटी-एलए (लैब टेक्नीशियन) का पद भी पिछले नौ माह से रिक्त है।
बृहस्पतिवार को पीएचसी पहुंचे मरीजों को फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह ने देखा और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। उन्होंने बताया कि ओपीडी में 35 मरीज आए थे, जिन्हें उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार दवाएं दी गईं। अस्पताल में स्टाफ नर्स प्रमोदनी देवी, वार्ड बॉय रोहित कुमार और सफाईकर्मी राजकुमारी देवी कार्यरत हैं, लेकिन चिकित्सक के अभाव में मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है।
यहां आने पर डॉक्टर के स्थानांतरण की जानकारी मिली। मजबूरी में फार्मासिस्ट से दवा लेकर वापस जाना पड़ा। यहां पर जल्द नए डॉक्टर की तैनाती होनी चाहिए।- अनवारूल ,भरवारी
पीएचसी घर से नजदीक है, बीमारी में काफी राहत मिलती थी। डॉक्टर के न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।- दुर्गा गुप्ता, मूरतगंज
पैर दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर के अभाव में अपनी समस्या फार्मासिस्ट को बताकर दवा लेनी पड़ी। - अशोक कुमार,महमदपुर
अशोक कुमार
अशोक कुमार
अशोक कुमार