चायल ब्लॉक प्रमुख ने पांच प्रधानों के खिलाफ खोला मोर्चा
ग्राम्य विकास विभाग के सचिव को भेजा पत्र, योजनाओं में बंदरबांट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। चायल ब्लॉक प्रमुख ने इलाके के पांच गांवों के प्रधानों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विकास कार्यों में मनमानी का आरोप लगाते हुए शनिवार को ग्राम्य विकास विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की बात कही है।
चायल ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर सोनू कुमार ने बताया कि कठरा, रैया देेह माफी, शेखपुर रसूलपुर, फतेहपुर शहावपुर व जलालपुर शाना आदि गांव के प्रधानों ने मनमानी की हद कर दी है। कई काम बिना कराए ही इन्होंने धन निकाल लिया है। कुछ पुराने कामों को नया दिखाकर रुपये निकाले गए हैं। अपात्रों को शौचालय योजना का लाभ दिया है। कुछ पुराने शौचालयों को रंगवाकर उनकी फोटो भेजकर फर्जी नाम से धनराशि आहरित की गई है। प्रमुख के अनुसार प्रधान मनमाने तरीके से काम करके सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रमुख ने जिला स्तरीय अफसरों के बजाए सीधे ग्राम्य विकास विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। उनका कहना है कि सभी पांच गांवों में कराए गए समस्त विकास कार्यों की जांच हुई तो बड़ा घोटाला सामने आएगा। प्रमुख ने कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री से मिलकल उन्हें धांधली की जानकारी देने की बात कही है। उधर प्रमुख के हरकत में आने के बाद प्रधानों-पंचायत सचिवों के होश उड़ गए हैं। उन्हें कार्रवाई का डर सताने लगा है।