जिले के परीक्षा केंद्रों में हो रही नकल से गुरुवार को सीडीओ रूबरू हुए तो दंग रह गए। चांदेराई के एक सेंटर में छापा मारा तो नकलचियों ने उनके पर पुर्जी व साल्व पेपर की बरसात कर दी। बड़े पैमाने पर नकल सामग्री मिली। इस पर सीडीओ ने चांदेराई व दारानगर के दो परीक्षा केंद्रों को काली सूची में डालते हुए केंद्र व्यवस्थापकों से जवाब तलब किया है। पहली पाली की परीक्षा से सीडीओ ने एक केंद्र व्यवस्थापक को हटाया है। एक परीक्षा केंद्र से नकलची पकड़ा गया है, जिसे परीक्षा से वंचित कर दिया गया है।
गुरुवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की विज्ञान की परीक्षा थी। सीडीओ ने पहली पाली में श्याम शेखर उमावि बालकमऊ में छापा मारा था। यहां तीन विषय विशेषज्ञ कक्ष निरीक्षक मिले थे। इनमें से एक एमएससी बायो और एक एमएससी कमेस्ट्री का शिक्षक था। इस पर सीडीओ ने केंद्र व्यवस्थापक दीनानाथ पांडेय से नाराजगी जताई। इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक दीनानाथ को सीडीओ ने कार्यमुक्त कर दिया है। दूसरी पाली में सीडीओ ने जयबजरंग बली उमावि चांदेराई में छापा मारा। इस सेंटर में जैसे ही सीडीओ ने प्रवेश किया, उन पर नकल की पुर्जियों की परीक्षार्थियों ने बरसात कर दी। एक गाइड भी फेंकी गई। इतना ही नहीं कई साल्व पेपर भी सीडीओ को मिले।
सीडीओ ने अपने स्टोनो से साल्व पेपर का कापियों से मिलान कराया तो हूबहू मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। स्टेटिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार गौड़ की लापरवाही पर वह भड़क गए। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र भेजने की बात कही। सीडीओ ने इस सेंटर को काली सूची में डाल दिया है। इस परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक राजाराम द्विवेदी से उन्होंने जवाब तलब किया है। इसके बाद सीडीओ ने मोईनउद्दीन जैनउद्दीन आब्दी बालिका उमावि दारानगर में छापा मारा। इस सेंटर के भी कक्षों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक तैनात मिले। इस पर सीडीओ ने इस सेंटर को भी डिबार करते हुए केंद्र व्यवस्थापक दरक्साबानों से स्पष्टीकरण मांगा है। पहली पाली में आरबी उमावि रक्सवारा में उड़न दस्ते ने छापा मारकर एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा। इस परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित कर दिया गया है।
विज्ञान का पेपर हो चुका था लीक
जिले के 112 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं हो रही हैं। गुरुवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। नकल के लिए रुपये लेने वाले माफियाओं ने गुरुवार की दोपहर ही भौतिक विज्ञान का पेपर लीक कर दिया था। सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने जांच की इसका खुलासा हुआ। जयबजरंग बली उमावि में साल्व पेपर इसकी तस्दीक कर रहे हैं। सीडीओ को यहां भारी मात्रा में साल्व पेपर मिला था। सीडीओ ने इसकी जांच कराने की बात कही है।