निरीक्षण में सीडीओ को मिली खामियां
दूध की गुणवत्ता खराब मिलने पर जताई नाराजगी
आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद मिला, शौचालय गंदे मिले
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को उच्च प्राथमिक व प्राथमिक स्कूल देवखरपुर का निरीक्षण किया। इस दौराम तमाम खामियों मिलीं। इस पर उन्होंने अधीनस्थों को कार्रवाई का आदेश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी इंद्रसेन सिंह बुधवार को सिराथू विकास खंड के उच्च प्राथमिक व प्राथमिक स्कूल देवखरपुर पहुंचे। यहां दोनों स्कूलों में पंजीकृत बच्चों की संख्या 244 दिखाई गई थी, जिसके सापेक्ष करीब 192 बच्चे उपस्थित मिले। दोनों स्कूल में सारा स्टाफ मौजूद मिला। एमडीएम में बच्चों को तहरी और दूध दिया गया था। दूध की गुणवत्ता खराब मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। दो एमडीएम शेड बनाए गए थे, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता खराब थी। शौचालय गंदे मिले और उनकी टाइल्स उखड़ी थी। सर्व शिक्षा अभियान के तहत 2001-02 और 2004-05 में बनाए गए भवन जर्जर हो चुके थे। रेन वाटर रिचार्जिंग की सुविधा नहीं थी। आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद मिला। इससे नाराज सीडीओ ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव के पंचायत सचिव सतीश चौधरी को सस्पेंड करें। साथ ही एडीओ सिराथू अरविंद कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। स्कूल के निर्माण के दौरान मानक की अनदेखी व बदहाली को लेकर बीएसए को निर्देश दिया कि सिराथू के खंड शिक्षाधिकारी राजेश गुप्ता व संकुल प्रभारी को भी प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाए।