सीबीआई टीम ने अवैध खनन की सच्चाई फाइलों में खंगाली। रविवार को दिनभर टीम के सदस्य फाइलों को पलटते रहे। टीम के सदस्यों ने खनन अधिकारी से तमाम सवाल किए। इसके अलावा डीएम भी सीबीआई टीम से मिलने पहुंचे। माना जा रहा है कि टीम ने जांच के अंतिम चरण में अवैध खनन को लेकर तथ्यों को जुटाया है।
सीबीआई टीम ने खनन कार्यालय और बालू घाटों पर छापेमारी के बाद रविवार को फाइलों में माथापच्ची की। शुक्रवार को टीम ने खनन कार्यालय मेें छापेमारी कर वहां से तमाम फाइलें अपने कब्जे में ले ली थी। शनिवार को टीम ने घाटों के अलावा डंप बालू का निरीक्षण किया था। इसके बाद रविवार को टीम फाइलों में दर्ज तथ्यों को लेकर खनन अधिकारी अरविंद कुमार से सवाल करती रही। दरअसल, अवैध खनन के बाद तमाम जगहों पर बालू डंप की गई है।
डंप लाइसेंस धारकों के खिलाफ बालू को लेकर कोई कार्रवाई खनन विभाग ने नहीं की। जबकि बगैर लाइसेंस के डंप बालू को सीज कर दिया था। ऐसे में टीम ने वैध डंप और अवैध डंप का रिकार्ड खनन अधिकारी से तलब किया। खनन अधिकारी ने सीज और बगैर सीज डंप बालू का ब्यौरा टीम को उपलब्ध कराया। सूत्रों की मानें तो कई सवालों के जवाब खनन अधिकारी नहीं दे सके। इसके अलावा डीएम अखंड प्रताप सिंह भी टीम के बुलावे पर कांशीराम अतिथि गृह पहुंचे। टीम ने डीएम से भी अवैध खनन को लेकर की गई कार्रवाई को लेकर सवाल किए।
नहीं पेश हुए खनन ओसी
जिले में खनन ओसी का चार्ज वरिष्ठ अफसर भूपेंद्र मिश्रा के पास है। भूपेंद्र मिश्रा की तबियत इन दिनों खराब रहती है। टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। मगर तबियत खराब होने का हवाला देकर खनन ओसी टीम के सामने पेश नहीं हुए।