cattle taskar did the firing on police
- फोटो : KAUSHAMBI
रसूलपुर टप्पा गांव स्थित अस्थाई गोशाला के समीप मंगलवार रात घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर बेखौफ पशु तस्करों ने फायर झोंक दिया। गनीमत ये रही कि गोली किसी को लगी नहीं। बाद में पुलिस ने दौड़ाकर तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। रसूलपुर टप्पा गांव स्थित अस्थाई गोशाला के समीप से दो जुलाई को सरायअकिल पुलिस ने ट्रक में लदे 24 मवेशी बरामद किए थे। तस्कर इन्हें वध के लिए ले जाने की तैयारी में थे। उस वक्त तस्कर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके थे। रिपोर्ट लिखकर पुलिस तस्करों की तलाश कर रही थी। इसी बीच मंगलवार रात कोतवाल विजय विक्रम सिंह को सूचना मिली कि रसूलपुर टप्पा की गोशाला के पास तस्कर फिर से अन्ना मवेशियों को लादने की तैयारी में खड़े हैं।
खबर मिलते ही कोतवाल ने फोर्स के साथ घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख तस्करों ने फायर झोंक दिया। दूसरा फायर करने के लिए वह तमंचे में कारतूस लोड कर रहे थे। तभी पुलिस ने दौड़ाकर सुनील उर्फ गुंडा पुत्र रामहरख निवासी महगांव थाना पूरामुफ्ती, आबिद अली पुत्र स्व. राजा अली निवासी तुर्तीपुर थाना करारी व शिवलाल पुत्र सुंदरलाल सरोज निवासी रसूलपुर टप्पा थाना सरायअकिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद करने का दावा किया है।