पिपरी थाना क्षेत्र के जवई गांव में बृहस्पतिवार रात चोर किसान के घर से नकदी और जेवरात से भरा बक्सा उठा ले गए। किसान के मुताबिक बक्से में 27,500 रुपये नकद और करीब 3.20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। शुक्रवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। जवई निवासी किसान भैयालाल ने बताया कि रात में वह पत्नी के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। दरवाजे पर केवल कुंडी बंद थी। आधी रात चोर कुंडी खोलकर घर में दाखिल हुए और जेवरात व नकदी रखा बक्सा उठा ले गए।
शुक्रवार सुबह दरवाजा खुला और बक्सा गायब मिला तो दंपती को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाश की तो घर से करीब 200 मीटर दूर मिर्च के खेत में टूटा हुआ बक्सा मिला। किसान के अनुसार बक्से में बेटी के करीब 3.20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भी थे। थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। संभव है कि लोधऊर चौकी में सूचना दी गई हो।