मंझनपुर। सिकंदराबाद से घर लौट रहे एक युवक के बैग से साथियों ने 30 हजार रुपये पार कर दिए। घर पहुंचने पर युवक ने बैग खोला तो रुपये गायब थे। फोन पर उसने पैसे के बाबत पूछा तो उसे धमकी दी गई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
सदर कोतवाली के ऊनो निवासी अमन मिश्रा का कहना है कि साल भर पहले वह चित्रकूट जिले के मऊ कोतवाली इलाके के नेवरा निवासी विष्णु तिवारी व सैनी कोतवाली लोहंदा निवासी हिमांशु के साथ सिकंदराबाद काम की तलाश में गया था। वहां पर तीनों ने प्राइवेट नौकरी की। 24 अप्रैल वह साथियों के साथ घर लौटा। आरोप है कि रास्ते में साथियों ने उसके बैंग में रखा 30 हजार रुपये निकाल लिए।
मंझनपुर पहुंचने के बाद दोनों साथी अपने घर चले गए। वह घर पहुंचा तो देखा बैग से पैसा गायब था। फोन करके उसने साथियों से पैसा मांगा तो उसे धमकी दी गई। अमन ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। इस पर पीड़ित ने अदालत का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।