महिला को जिंदा जलाकर मारने में पति समेत तीन पर केस
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के डकशरीरा गांव में दो अक्तूबर को हुई थी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के डकशरीरा गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने जिंदा जलाकर मार डाला था। घटना के मृतका के मायके में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चित्रकूट जिले के कर्वी थाना क्षेत्र के मछरिहा गांव निवासी रामलखन ने बताया कि उसने अपनी बेटी दयावती (30) का विवाह वर्ष 2013 में डकशरीरा के प्रदीप कुमार से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित की मानें तो दो अक्तूबर को ससुराल वालों ने उसकी बेटी की पिटाई की। इसके बाद केरोसिन छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया। जहां तीन अक्तूबर को उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद से मायके वालों की रो-रोकर हालत खराब है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति प्रदीप, ससुर माधव व सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले में महेवाघाट इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।