मासूम से दुष्कर्म का मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार
सैनी कोतवाली इलाके में शनिवार शाम टॉफी देने के बहाने किशोर ने किया था दुष्कर्म
सिराथू। सैनी कोतवाली पुलिस ने मासूम से दुष्कर्म के आरोपी किशोर को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। लिखापढ़ी करने के बाद आरोपी को पुलिस ने बाल सुधार गृह भेज दिया है।
सैनी क्षेत्र के एक गांव की पांच वर्षीय बच्ची शनिवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी किशोर टॉफी खिलाने का लालच देकर बच्ची को सुनसान जगह पर ले गया और दुष्कर्म किया। जानकारी परिजनों को हुई तो पुलिस को सूचना देकर खून से लथपथ बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। देर शाम पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। रात में ही पीड़ित पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी। कोतवाल जयपाल शर्मा ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। उधर, पीड़ित पिता ने बताया कि रविवार को वह मेडिकल के लिए बच्ची को लेकर जिला अस्पताल गया था, लेकिन चिकित्सक नहीं मिलने से जांच नहीं हो सकी।