तहसील के वादकारियों से ऑनलाइन पैसा मांगने वाले युवक के खिलाफ नायब तहसीलदार ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक नायब तहसीलदार का द्वारपाल बता कर वादकारियों को तारीख दिलवाले और मुकदमा ट्रांसफर कराने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नायब तहसीलदार संजय प्रसाद ने बताया कि सुधांशु कुमार नाम का युवक वादकारियों से खुद को उनका द्वारपाल बताता है। वह न्यायालय में तारीख दिलवाने और मुकदमे को ट्रांसफर करवाने के नाम पर वादकारियों से फोन पर पैसा मांगता है। ठगी के शिकार वादकारियों नेऑडियो रिकार्डिंग के साथ मामले की शिकायत एसडीएम से की।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के निर्देश व नायब तहसीलदार की तहरीर पर पर मंगलवार को पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एसडीएम आकाश सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की गई है। तहसील कार्यालय और अदालती कार्यों में किसी प्रकार की मध्यस्थता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी गैर सरकारी कोई भी व्यक्ति हो। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।