सिराथू। कड़ा ब्लॉक के कनवार के कोटेदार ने राशन की कालाबाजारी कर दी। अधिकारियों की जांच में स्टाॅक कम मिला। इस पर कोटेदार के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज करा दिया।
कनवार गांव के कोटे की दुकान का बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा व पूर्ति निरीक्षक कड़ा राम कुंवर आर्य ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारी गांव पहुंचे तो दुकान बंद मिली। उन्होंने कोटेदार नीलम देवी को मौके पर बुलाया। इसके बाद दुकान का भौतिक सत्यापन किया।
पूर्ति निरीक्षकों के मुताबिक दुकान के निरीक्षण के दौरान स्टॉक में 160 बोरी गेंहू व 180 बोरी चावल मौजूद मिला। क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्टॉक के मुताबिक गोदाम में 8.97 कुंतल गेहूं व 43.53 कुंतल चावल कम मिला।
इसकी कालाबाजारी की गई है। डीएम की संस्तुति के बाद शुक्रवार को कोटेदार के खिलाफ सैनी कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।