भूमि विवाद में किसान की मौत मामले में पिता-पुत्र पर मुकदमा
पिपरी कोतवाली के पिपरहाई गांव में रविवार की सुबह हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के पिपरहाई गांव में रविवार सुबह भूमि विवाद में पिता-पुत्र की पिटाई से घासल किसान की रात को अस्पताल में मौत हो गई। मामले में आरोपी पिता- पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दो रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पिपरहाई निवासी शत्रुघ्न सिंह (40) किसानी करते थे। गांव स्थित उनकी कीमती भूमि को लेकर पड़ोसी प्रमोद पांडेय से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह उसी भूमि पर विपक्षी निर्माण करा रहा था। मौके पर पहुंचे शत्रुघ्न ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बात बढ़ने पर प्रमोद पांडेय ने अपने बेटे प्रदीप पांडेय के साथ मिल लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर शत्रुघ्न को अधमरा कर दिया। चीख पुकार सुन लोगों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। परिजनों ने घायल को इलाज के लिए तिल्हापुर मोड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डाॅक्टरों ने उसे प्रयागराज के एसआरन अस्पताल रेफर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान शत्रुघ्न की मौत हो गई। मामले में शत्रुघ्न के भाई प्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह परिहार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।