संदीपनघाट कोतवाली इलाके में बुधवार को कार सवार बदमाशों ने प्लॉटिंग स्थल पर एक युवक पर चाकू से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। जख्मी युवक एक मुकदमे की पैरवी कर बाइक से घर वापस लौट रहा था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
संदीपनघाट के मलाक मोहीउद्दीनपुर गांव निवासी जैगम हलीम का एक मुकदमा जिला कचहरी में विचाराधीन है। बुधवार को वह मुकदमे की पैरवी के लिए बाइक से कचहरी आया था। वापस लौटते वक्त मलाक मोहीउद्दीन गांव के समीप सफेद रंग की कार सवार लोगों ने उसे रोक लिया। कार में नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कार में सवार एक युवक, जिसे वह जानता है, वो अपने तीन साथियों के साथ नीचे उतरा व गाली-गलौज कर जैगम को कार में खींचने लगा।
विरोध करने पर हमलावरों ने जैगम के पेट में चाकू घोंप दिया और प्रयागराज की तरफ भाग निकले। राहगीरों की मदद से वह थाने पहुंचा और तहरीर दी। पुलिस ने जैगम को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष भुवनेश चौबे का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।