कोखराज कोतवाली के बरीपुर मोड़ के समीप शनिवार रात ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित हुई कार ने हाईवे किनारे खड़े लोडर चालक को कुचल दिया और उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि कार चालक मामूली रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ अंतर्गत मतरजापुर निवासी रेशम लाल (50) मैजिक लोडर चलाते थे। पत्नी सविता ने बताया कि शनिवार रात रेशम लाल लोडर लेकर प्रयागराज स्थित मुंडेरा मंडी जा रहे थे। बरीपुर मोड़ के समीप लोडर को एक किनारे खड़ी कर वह फोन से बात करने लगे। इसी बीच कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही कार में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
इससे अनियंत्रित हुई कार रेशम लाल को कुचलते हुए पलट गई। हादसे में रेशमलाल की मौत हो गई। जबकि कार चालक अनिल पांडेय निवासी शुकुलपुर प्रयागराज को चोट आई। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।