चाय विक्रेता को कुचलने के बाद पेड़ से भिड़ी कार
- सैनी कोतवाली के मीरापुर तकिया गांव के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार चाय विक्रेता को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घटना में चाय विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के मीरापुर तकिया निवासी ओम प्रकाश (46) ने स्थानीय बाजार में चाय की दुकान खोल रखी थी। बुधवार रात वह घर से चाय बनाने के लिए दूध लेकर दुकान जा रहा था। इसी दौरान प्रयागराज की तरफ से कानपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार कार ने ओम प्रकाश को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तब तक कार चालक गाड़ी छोड़ कर भाग चुका था। ओम प्रकाश को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी तभी उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। पुलिस ने ओम प्रकाश के बेटे विक्रम मौर्य की तहरीर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।