सिराथू नगर पंचायत कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक करते एसडीएम व चेयरमैन। स्रोत: विभाग
नगर पंचायत कार्यालय सभागार में शनिवार को चेयरमैन भोला यादव व एसडीएम अजेंद्र सिंह ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कस्बे में अतिक्रमण व सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने अपनी समस्या रखी। साथ ही इसके समाधान पर चर्चा की।
चेयरमैन ने कहा कि नगर में भूमि चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द ही अभियान चलेगा। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र केसरवानी ने कहा कि धाता रोड के अंबेडकर नगर में स्थित आयुष चिकित्सालय के लिए सड़क नहीं बनी है।
इससे मरीजों को आने-जाने में असुविधा हो रही है। पेयजल को लेकर वाटर कूलर नहीं लगाया गया है। मंझनपुर मार्ग किनारे से होकर निकली पेट्रोल लाइन के ऊपर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसे हटाकर पार्क बनाया जाए।
नगर से होकर जाने वाली रोडवेज बसों के ठहराव के लिए निश्चित स्थान नहीं है। स्थान चिह्नित करते हुए यात्री शेड का निर्माण किया जाए। बताया कि महत्वपूर्ण भूमि पर दबंगों का कब्जा है। इसके अलावा सड़क किनारे अतिक्रमण होने के चलते व्यापार प्रभावित होता है।
बाजार समेत कई वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था खराब है। सुरक्षा के लिए रात में पुलिस फोर्स नहीं दिखती। चेयरमैन ने कहा कि जल्द ही भूमि चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी।
वहीं, चौकी प्रभारी मनोज तोमर ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए मुख्य चौराहे व बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी दुकानदार प्रतिष्ठान के सामने भी सीसीटीवी कैमरे लगाएं।