जिले में सराय अकिल, सैनी और नव निर्मित परसरा समेत 28 अन्य छोटे बस अड्डों की हालत ठीक नहीं है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए कई बस स्टॉप और अड्डे बदहाल स्थिति में हैं। कहीं बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है तो कहीं यात्रियों के लिए छांव, पेयजल और बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। सबसे खराब स्थिति भरवारी के परसरा बस स्टैंड की है, जहां अब तक नियमित बस संचालन शुरू नहीं हो सका है।
परसरा बस स्टैंड से प्रयागराज, मंझनपुर, महेवाघाट, राजापुर, चित्रकूट और बांदा रूट की करीब 20 बसों के संचालन की योजना थी। हालत यह है कि ट्रांसफाॅर्मर न लगने से परिवहन विभाग को बस अड्डे का हैंडओवर नहीं किया जा सका है। मजबूरी में यात्री चिलचिलाती धूप और लू के बीच सड़क किनारे खड़े होकर रोडवेज बसों का इंतजार करते हैं।
पड़ताल में सामने आया कि जिले में मंझनपुर, सराय अकिल, सैनी और परसरा समेत अन्य बस अड्डों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। चायल बस अड्डे का बोर्ड तक गायब मिला। यही हाल कुछ अन्य बस अड्डों का भी है। कई लोगों को यह जानकारी तक नहीं कि बस अड्डा कहां है और यहां बसें रुकती भी हैं या नहीं।
पश्चिमशरीरा बस स्टॉप पर यात्रियों के बैठने और छांव की व्यवस्था नहीं है। लोग दुकानों की आड़ में धूप से बचते नजर आए। भरवारी निवासी दीपक पांडेय ने बताया कि परसरा चौराहे पर बसों के इंतजार में लोगों को तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
वहीं सत्यम मिश्रा ने कहा कि बस स्टॉपों की बदहाल व्यवस्था का सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। बस अड्डों पर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जहां हैं वहां दुरुस्त कराने की जरूरत है।
मूरतगंज, अफजलपुरवारी, नारा, ममहेवाघाट, कुम्हियावां, टेंवा, म्योहर और करारी बाजारों में भी बस स्टॉप केवल नाम के रह गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बस स्टॉप पर पेयजल, छांव के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था करने के साथ नियमित बस संचालन कराने की मांग की है।
परसरा बस स्टैंड का संचालन एक सप्ताह के भीतर शुरू करा दिया जाएगा। प्रमुख बाजारों में बस स्टॉप के लिए सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं। अन्य बस अड्डों पर जल्द नागरिक सुविधाएं बेहतर कराई जाएंगी।- जयकरन, एआरएम
भरवारी के परसरा गांव में करोड़ो रुपए की लागत से बनकर तैयार बस अडडा। संवाद
भरवारी के परसरा गांव में करोड़ो रुपए की लागत से बनकर तैयार बस अडडा। संवाद
भरवारी के परसरा गांव में करोड़ो रुपए की लागत से बनकर तैयार बस अडडा। संवाद
भरवारी के परसरा गांव में करोड़ो रुपए की लागत से बनकर तैयार बस अडडा। संवाद