बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित जिले के 13 आंगनबाड़ी केंद्रों को जल्द अपना भवन मिलने की उम्मीद है। करीब 1.54 करोड़ रुपये की लागत से इन भवनों का निर्माण कराया जाएगा। विभाग की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है। शासकीय स्वीकृति मिलने के बाद बाल विकास विभाग ने अपने हिस्से के 26 लाख रुपये भी रिलीज कर दिए हैं। 15वें वित्त और मनरेगा अंश मिलने के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। एक भवन पर करीब 11.84 लाख रुपये खर्च होंगे।
छह वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों व महिलाओं को बाल विकास पुष्टाहार विभाग की योजनाओं का लाभ देने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन होता है। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर एक कार्यकर्ता और एक सहायिका की तैनाती है।
तीन से छह साल तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर निशुल्क शिक्षा देने का भी प्रावधान है। जिले में 1775 आंगनबाड़ी केंद्रों में लगभग तीन हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तैनात हैं। 653 आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों के भवनों और 467 पंचायत भवन में चल रहे हैं। इसके अलावा 535 आंगनबाड़ी केंद्र खुद के भवन में और 120 किराये के कमरे में संचालित हो रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में पंचायत भवन और किराये के भवन में चलने वाले 13 केंद्रों को अपना खुद का भवन देने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। जिस पर करीब 1.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 7.84 लाख मनरेगा, दो लाख 15वें वित्त से ग्राम पंचायत और दो लाख रुपये बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग खर्च करेगा।
यहां होगा आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण
ब्लॉक ग्राम पंचायत आंगनबाड़ी केंद्र का नाम
सिराथू मोहम्मदपुर वारी ऐमावारी
सिराथू मोहम्मदपुर वारी मोहम्मदपुर वारी
सिराथू नगियामई नगियामई
मूरतगंज बथुई बथुई
मूरतगंज मोहीउद्दीनपुर गौस मोहीउद्दीनपुर गौस-2
नेवादा औंधन औंधन
नेवादा पेरई पेरई-2
नेवादा कौड़िया कौड़िया
सरसवां टिकरी नागी टिकरी नागी
सरसवां जाफरपुर महावां अमरूपुर
कड़ा हिसामपुर परसखी सुखऊ का पूरा
कड़ा हिसामपुर परसखी हिसामपुर परसखी
कड़ा सयांरा मीठेपुर सयांरा मीठेपुर
शासन की ओर से पखवाड़े भर पहले 13 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की स्वीकृति मिली है। बाल विकास विभाग ने अपने हिस्से के 24 लाख का बजट भी जारी कर दिया है। मनरेगा अंश और पंचायत निधि मिलने के बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर भवन निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। अश्वनी कुमार, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी/प्रभारी डीपीओ