आम आदमी के लिए अपने सपनों का घर बनाना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है। बीते कुछ दिनों में सीमेंट, सरिया, बालू, गिट्टी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री के दामों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके चलते मकान निर्माण की लागत में 10 से 20 प्रतिशत तक का इजाफा हो गया है।
स्थानीय बाजारों की बात करें तो सीमेंट का दाम प्रति बोरी 325 से 360 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सरिया 46 से 53 सौ रुपये प्रति कुंतल के आसपास बिक रही है। वहीं, बालू और गिट्टी के दामों में भी 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। ईंटों की कीमत में भी उछाल देखा जा रहा है, पाइप, तार, कीलों में भी जबरदस्त उछाल है।
जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ठेकेदारों और भवन निर्माण से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि कच्चे माल की सीमित उपलब्धता इसके प्रमुख कारण हैं।
बिजिया चौराहा के बिल्डिंग मटेरियल के थोक व्यापारी समशाद हुसैन का कहना है कि आने वाले दिनों में अगर मांग और बढ़ी तो कीमतों में और उछाल संभव है। दाम बढ़ने से व्यापार पर भी असर पड़ा है।