बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को कड़ा बीआरसी के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिले। कुछ स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित रहे। वहीं छात्रों की संख्या बेहद कम मिली। बीएसए ने इस पर नाराजगी जताते हुए शिक्षकों के वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा सुबह करीब 8:05 बजे प्राथमिक विद्यालय मीरापुर पहुंचे। स्कूल के गेट पर ताला लगा मिला। एक भी छात्र यहां मौजूद नहीं था। इस पर उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक मंजू मौर्य, सहायक अध्यापक अजरा मुस्तफा, रजत श्रीवास्तव, शिक्षामित्र सूबेदार और सरिता सोनकर का अप्रैल माह का वेतन व मानदेय रोक दिया।
प्राथमिक विद्यालय शहजादपुर प्रथम में प्रधानाध्यापक शीतला प्रसाद, सहायक अध्यापक सविता चौरसिया व मंजू यादव के अनुपस्थित होने पर वेतन रोक दिया। शहजादपुर द्वितीय में शिक्षक विनय कुमार सिंह व प्रतीक कुमार शुक्ला भी स्कूल में नहीं थे। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
वहीं, जहांगीराबाद विद्यालय में अमिता गुप्ता, दीपक त्रिवेदी, अर्चना श्रीवास्तव व राम प्रकाश द्विवेदी गैरहाजिर मिलने पर वेतन रोक दिया। साथ ही कंपोजिट विद्यालय सिपाह प्रथम में प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह, सहायक अध्यापक संतोष कुमार, संदीप कुमार सिंह, प्रगट सिंह पटेल, दीपक सिंह, बबिता व प्रभात कुमार केसरवानी को कम छात्रसंख्या पर बीएसए ने प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
इसी तरह नासिरपुर फरीदगंज विद्यालय में शिक्षिका ऊषारानी, मनीष कुमार सोनी, वेद प्रकाश, गुंजा केसरवानी, सुरेश कुमार सोनकर व रमेश कुमार सिंह को शिक्षण कार्य में रुचि न लेने और कम छात्र संख्या पर प्रतिकूल प्रविष्टि मिली है।