Broken patience of people troubled by power cut, blocked on National Highway
- फोटो : KAUSHAMBI
विद्युत कटसैंता उपकेंद्र से जुड़े 36 गांव के लोग बिजली ठप होने से बृहस्पतिवार को सड़क पुर उतर आए। पिछले छह दिन से आपूर्ति नहीं होने से नाराज लोगों ने कानपुर-प्रयागराज हाईवे के मूरजगंज बाजार में जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना पर पहुंची सीओ सिटी ने बिजली विभाग के अफसरों से बात कर तीन घंटे के अंदर आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
सैंता उपकेंद्र से दो फीडर के जरिए क्षेत्र के गांवों को आपूर्ति दी जाती है। रविवार को यहां लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिसकी वजह से उपकेंद्र के जुड़े 36 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी से तो लोग परेशान हो ही रहे हैं पानी की किल्लत से भी उन्हें जूझना पड़ रहा है। बुधवार को ट्रांसफार्मर तो आया लेकिन बृहस्पतिवार को सिर्फ सैंता फीडर की आपूर्ति चालू की जा सकी। मूरतगंज फीडर को चालू नहीं किया गया।
इससे परेशान मूरतगंज, कशिया, धन्नी, सकाढ़ा, शेरगढ़ आदि गांव से तमाम लोग सड़क पर उतर आए। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लोगों ने मूरतगंज में हाईवे पर जाम लगा दिया। क्षेत्र के नयन मिश्रा, रिंकू केसरवानी, बबली सोनी, राजू केसरवानी, हरिओम केसरवानी आदि का कहना है बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ट्रांसफार्मर लगाने में देरी हुई। बुधवार को ट्रांसफार्मर भी लगाया गया लेकिन मूरतगंज फीडर की आपूर्ति नहीं शुरू की गई।
उधर, जाम की सूचना पर पहुंचे ट्रेनी सीओ अवधेश विश्वकर्मा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। शाम करीब साढ़े पांच बजे मंझनपुर सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग के अफसरों से फोन पर वार्ता कर तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने काफी देर बाद हाईवे पर आवागमन किसी तरह शुरू कराया।