मेडिकल कॉलेज के हड्डीरोग विभाग की ओपीडी में मरीज का इलाज करते डॉक्टर। संवाद
इन दिनों मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। मौसम के इस बदलाव में ज्यादातर हड्डियों और जोड़ों के दर्द से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 150 से अधिक मरीज आ रहे हैं। ज्यादातर मरीज इन्हीं बीमारियों से परेशान हैं।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में हड्डीरोग विभाग की ओपीडी में पहले जहां 100 के आसपास मरीज आते थे। वहीं, अब इनकी संख्या बढ़कर 150 से अधिक हो गई है। 50 से अधिक मरीज घुटनों, कमर, कंधे और पुरानी चोटों के दर्द की शिकायत से परेशान हैं।
इस दौरान मंझनपुर निवासी राहुल और पप्पू ने बताया कि दो-तीन दिन से ठंड बढ़ने के साथ ही पुराने घुटनों का दर्द तेज हो गया है। वहीं, भेलखा की सोनी देवी ने बताया कि सुबह उठते समय कंधे और कमर में जकड़न की समस्या बढ़ गई है। हड्डीरोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज तिवारी ने बताया कि सर्द मौसम में शरीर के जोड़ सख्त होने लगते हैं जिससे दर्द और सूजन बढ़ जाती है। पुराने ऑर्थराइटिस और चोट वाले मरीजों में यह समस्या ज्यादा दिखती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मरीज सुबह धूप लें, हल्का व्यायाम करें और अचानक ठंडी हवा से बचें। साथ ही उन्होंने मरीजों को सलाह देते हुए बताया कि दर्द बढ़ने पर गुनगुने पानी से सिकाई, कैल्शियम और विटामिन-डी युक्त आहार और भारी वजन उठाने से परहेज करेंं। इसके बाद भी अगर कोई समस्या होती है तो बिना डॉक्टर की सलाह के पेनकिलर दवाओं का लगातार सेवन न करें। क्योंकि, इससे आपकी सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।