Bombing in Phulnagar, three people bled
- फोटो : KAUSHAMBI
पिपरी के फूलनगर फुलवा गांव में सोमवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दुकान पर बैठे तीन युवकों पर आरोपियों पर बम से हमला किया गया। इसमें तीन युवक गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए हैं। एक युवक को हल्की चोटें आईं हैं, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है।
पिपरी के फूलनगर फुलवा निवासी जय कुमार की गांव के ही छोटू यादव से पुरानी रंजिश है। सोमवार की रात जय कुमार गांव में ही पंचम भारतीय की दुकान पर दोस्तों के साथ बैठा था। आरोप है कि इसी समय छोटू यादव अपने दो साथियों को लेकर बाइक से आया और उस पर बम से हमला कर दिया।
इसमें जय कुमार सहित गांव के ही राजेंद्र निषाद और राजा उर्फ लक्ष्मण निषाद घायल हो गए। बम के धमाके से गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची मकदूमपुर चौकी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से जयकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्ी मिल गई, जबकि दो युवकों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। पिपरी पुलिस ने जय कुमार की तहरीर पर छोटू यादव सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।