पिपरी कोतवाली के महमूदपुर मनौरी के समीप सोमवार रात अनियंत्रित हुई बोलेरो बिजली के पोल से टकराने के बाद एक घर में जा घुस गई। हादसे में बोलेरो सवार बाल-बाल बचे। घटना चालक के झपकी आने की वजह से हुई।
सरायअकिल कोतवाली के बेनीराम कटरा निवासी फूल सिंह सोमवार को बोलेरो से प्रयागराज गए थे। गाड़ी में कुल आठ लोग सवार थे। जैसे ही वह लोग पिपरी कोतवली के महमूदपुर मनौरी स्थित कृष्णा मंदिर के समीप पहुंचे तभी गाड़ी चला रहे फूलसिंह को झपकी आ गई। इसके बाद अनियंत्रित हुई कार बिजली के दो पोल से टकराने के बाद विपिन केसरवानी के लोडर से टकराते हुए उसके घर में घुस गई। हादसे में घर के लोग और बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। दुर्घटना में घर को क्षति पहुंची है। इस दौरान बिजली के पोल टूटने के कारण इलाके की आपूर्ति बाधित हो गई। जिसकी जानकारी होने पर मंगलवार सुबह पहुंचे बिजलीकर्मियों ने नया पोल लगाना शुरू किया।