फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: सदल हत्याकांड, कातिल कौन...? नामजद मुकदमे के बाद उलझी मर्डर मिस्ट्री

Wed, 17 Jul 2024 04:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरवा के अयोध्या का पूरा गांव में हत्या कर खेत में फेंके गए मजदूर सदल के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के मंथन के बाद सोमवार रात तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदल के पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जिनके खिलाफ मुकदमा लिखा वह उसके (पत्नी के) ददेरे-चचेरे भाई हैं।
विज्ञापन

नामजद आरोपियों की सदल से सीधे तौर पर कोई रंजिश तो नहीं थी, लेकिन 35 वर्ष पहले उनके घरवालों ने मृतक सदल के ससुर की हत्या जरूर की थी। इस जानकारी के बाद मर्डर मिस्ट्री सुलझने के बजाय उलझती जा रही है। फिलहाल पुलिस नामजद मुकदमे के बाद भी साफ तौर पर कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

कोखराज के मलिकपुर महेवा गांव की मीना देवी ने बताया कि उसका मायका अशरफपुर गांव में हैं। उसके पिता शिवलाल तंत्र-मंत्र का काम करते थे। जब वह पांच वर्ष की थी तभी पिता ने तंत्र-मंत्र के जरिये पट्टीदार सुरेश को ठीक किया था। यह बात उसकी चाची-चाचा को नागवार लगी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में पट्टीदार किशोरी, रामबहोरे आदि ने पिता की हत्या कर दी। जिसमें आरोपी जेल गए। इसी बात को लेकर किशोरी आदि के बेटे उससे रंजिश रखते थे।
विज्ञापन

हालांकि, मीना का यह भी कहना है कि 20 वर्ष पहले उसकी शादी सदल के साथ हुई थी। तब से किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। शनिवार को किशोरी लाल का बेटा अखिलेश, रामबहोरे का बेटा कैलाश व चंद्रबली निवासी अशरफपुर लालरंग की बाइक से उसके घर पहुंचे। वह लोग पति को अपने साथ पड़ोसी ऊदल की बरात में शामिल होने के लिए पैगंबरपुर ले गए थे। दावत नहीं होने पर पति ने इन्कार किया तो भी आरोपी नहीं माने थे। आरोप लगाया कि रात को ही सदल की हत्या करने के बाद शव अयोध्या का पूरा स्थित खेत में फेंका गया।
थानाध्यक्ष जगदीश का कहना है कि मृतक सदल की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। घटना में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





आखिर 36 घंटे बाद पुलिस ने क्यों दर्ज किया मुकदमा

रविवार सुबह अयोध्या का पूरा गांव में सदल का शव मिला था। घटना के कुछ देर बाद ही शव की शिनाख्त हो गई थी। पत्नी मीना से इत्तेफाकिया तहरीर लेकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। तब तक मीना ने किसी पर हत्या का शक जाहिर नहीं किया। सोमवार शाम पुलिस ने मीना से नामजद तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया।

-

मर्डर के अनसुलझे सवाल
0 मीना के मुताबिक घर से उसके ददेरे-चचेरे भाई सदल को बुलाकर अपने साथ ले गए। आरोपियों से रंजिश थी तो उनके साथ क्यों जाने दिया।

0 पुलिस को घटना के बाद यह क्यों नहीं बताया गया कि सदल किसके साथ निकला था।

0 सदल बिन बुलाए बराती था, ऐसा में उसका वहां जाना कैसे हुआ।

0 सदल भी अपनी गाड़ी से निकला था, जो रोही निवासी किसी व्यक्ति के नाम पर थी। पत्नी का कहना है कि सदल ने पुरानी बाइक खरीदी थी। उसी बाइक से वह निकला था, लेकिन यह बात घटना वाले दिन पुलिस से क्यों छिपाई गई।





सर्विलांस पर दो दर्जन से ज्यादा नंबर, नतीजा सिफर

पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो जिन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया, उनमें से एक ने कई बार कौशाम्बी कोतवाली के गढ़वा निवासी अपने मामा से बात की थी। पुलिस ने मामा को हिरासत में लिया, लेकिन पूछताछ में कोई क्लू नहीं मिला।

-

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं था शराब का जिक्र

पुलिस को दी तहरीर में मीना ने आरोप लगाया कि रिश्तेदार उनके पति सदल को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। दावत नहीं होने की बात कहने पर कहा था कि वह लोग अलग पार्टी करेंगे। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया शराब का जिक्र होना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो शराब व जहर से होने वाली मौत के मामले में गंध के हिसाब से भी मौत के कारण की आशंका जाहिर की जाती है। इसके बाद भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर्फ वजनी वस्तु के हमले व मृत्यु पूर्व पहुंचाई गई चोट को कारण बताया गया।



वर्जन

मृतक की पत्नी ने जो तहरीर दी है, उसके हिसाब से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तमाम साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई है। संदिग्ध नंबरों को भी ट्रेस कराया जा रहा है। जल्द ही घटना की सच्चाई से पर्दा उठेगा।- मनोज रघुवंशी, सीओ चायल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें