अजुहा। रेलवे लाइन पर धुमाई गांव के समीप एक युवक का शव मिला। युवक बुधवार रात घर से खाना खाने के बाद पड़ोसी के यहां सोने जाने की बात कहकर निकला था। घर से पांच किलोमीटर(किमी) दूर वह कैसे पहुंचा? इसका रहस्य बना हुआ है। पुलिस छानबीन कर रही है।
पइंसा कोतवाली के पहाड़पुर निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा राघवेंद्र सिंह उर्फ गोल्डी (25) खेती करता था। बुधवार रात गोल्डी खाना खाने के बाद पड़ोसी के घर सोने चला गया। बृहस्पतिवार दोपहर में पता चला कि घर से पांच किलोमीटर दूर गोल्डी का शव धुमाई गांव के समीप रेलवे ट्रैक पड़ा है। घरवाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे व शव की शिनाख्त की।
प्रभारी थानाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया गया है। घटना की छानबीन की जा रही है।