सरकारी धन का दुरुपयोग करने के आरोप में तत्कालीन बीडीओ समेत प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट होने की जानकारी मिलते ही बीडीओ व सेक्रेटरी के होश उड़ गए हैं।
मंझनपुर ब्लाक के गौसपुर टिकरी गांव निवासी अशर्फीलाल पुत्र रामलाल ने तत्कालीन ग्राम प्रधान महेशिया देवी पत्नी श्रीलाल, खंड विकास अधिकारी के साथ सेक्रेटरी कामता प्रसाद पर गांव के विकास को मिले सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। अशर्फीलाल का कहना है कि ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने खंड विकास अधिकारी से साठ-गांठ कर विकास कार्यों के प्रस्ताव पर सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर बनवाए गए थे। इसके अलावा फर्जी मस्टर रोल तैयार कर करीब 4 लाख 86 हजार रुपए निकाल कर बंदरबाट कर लिया गया। चहेताें का नाम जॉबकार्ड में अंकित कर मजदूरी की रकम हजम की गई है।
अशर्फीलाल की मानें तो उसने मामले की शिकायत अफसरों के अलावा स्थानीय पुलिस से की थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अफसरों और पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। शुक्रवार को अदालत के आदेश पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन ग्राम प्रधान महेशिया देवी, सेक्रेटरी कामता प्रसाद और तत्कालीन खंड विकास अधिकारी मंझनपुर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।