सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या की फर्जी कहानी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता शौर्य मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी चरवा गांव का रहने वाला आरोपी भाजयुमो का उपाध्यक्ष है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शौर्य मिश्रा ने नौ दिसंबर को अपने एक्स हैंडल से एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। इसमें उसने दावा किया था कि गुरुग्राम के एक कॉलेज की छात्रा को धर्म विशेष के युवकों ने प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया, फिर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। पोस्ट में निजी पलों के वीडियो और तस्वीरों का हवाला देते हुए घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई थी।
गुरुग्राम पुलिस ने जांच में पाया कि यह पूरी कहानी फर्जी और भ्रामक थी। पुलिस का दावा है कि उनकी तरफ से चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने पोस्ट डिलीट नहीं की। इसके बाद 11 दिसंबर को साइबर थाने में आरोपी के खिलाफ सामाजिक एवं धार्मिक सद्भावना को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया।
इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सोमवार देर शाम चरवा स्थित घर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एलएलबी पास बताया गया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने यह पोस्ट सोशल मीडिया से उठाकर साझा की थी।
वहीं गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने एक वीडियो जारी कर बताया कि आरोपी के मोबाइल को जब्त कर लिया गया है। आपत्तिजनक पोस्ट डिलीट कराई जा चुकी है और इस तरह की पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शौर्य मिश्रा युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है। आरोपी के खिलाफ कोई आईटी एक्ट का मुकदमा था। इसके लिए पुलिस उसे ले गई है। यह कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है।- धर्मराज मौर्य, जिला अध्यक्ष भाजपा