किसान रामबाबू की मौत के दो दिन बाद भाजपा सरकार नींद से जागी। सिराथू विधायक शीतला प्रसाद किसान के परिजनों से मिले। मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को नगद एक लाख रुपये दिया। साथ ही आश्वासन दिया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक हफ्ते के भीतर दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के अलावा अन्य सुविधाएं देंगे।
किसान रामबाबू ने कर्ज की वजह से फांसी लगाकर शासन को हिला दिया है। प्रदेश में चक बख्तियारा गांव की यह घटना चर्चा में है। वहीं विपक्षियों ने इस मामले में भाजपा सरकार को चारों तरफ से घेरना शुरू कर दिया है। 21 जून को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने गांव में जनसंवाद करने का ऐलान कर भाजपाइयों की नींद उड़ा दी। कांग्रेस की इस ऐलान से सरकार की निगाह भी इस गांव घटना के बाद चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर टिक गई है।
इसको देखते हुए दो दिन से मौन साधे सिराथू के बीजेपी विधायक शीतला प्रसाद पटेल अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। किसान की पत्नी उर्मिला देवी को एक लाख रुपये नगद देते हुए कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने घटना पर दुख जताया है। एक हफ्ते के भीतर दो लाख रुपये की आर्थिक मदद उनकी ओर से दी जाएगी। इस मौके पर विधायक के साथ अरुण केशरवानी, उमेश पटेल आदि लोग रहे।