चायल (कौशाम्बी)। कांग्रेस की बनाई विकास योजनाओं पर काम करके भाजपा इसका श्रेय खुद ले रही है। जिसकी असलियत देश की जनता जानती है। यह बातें सोमवार को चायल के कसेंदा गांव में आयोजित पार्टी की बैठक में कौशाम्बी की पार्टी प्रभारी और प्रतापगढ़ की पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहाकि कार्यकर्ता की पार्टी की रीढ़ हैं। उन्होंने पार्टी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
कांग्रेस की सोमवार को कसेंदा गांव में बैठक हुई थी। इसमें बतौर मुख्य अतिथि जिले की पार्टी प्रभारी और प्रतापगढ़ की पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह रही। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहाकि आज देश की सत्ता ऐसे हाथों में है, जो विघटनकारी शक्तियों के साथ मिलकर जनता के बीच जहर घोलने का काम करते हैं। कहाकि देश को आर्थिक, सामाजिक समेत सभी मोर्चे पर कांग्रेस ही आगे बढ़ा सकती है।
भाजपा पर कांग्रेस की बनाई विकास नीतियों पर काम करके इसका श्रेय लूटने का आरोप भी पूर्व सांसद ने लगाया। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहाकि वे जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों से उन्हें रूबरू कराते रहें, फिर चुनावों में पार्टी की जीत होगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस मुखिया के सुझावों को भी कार्यकर्ताओं के बीच रखा। इससे पहले जिलाध्यक्ष तलत अजीम और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रामयज्ञ द्विेदी ने भी कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत के साथ पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।