कोतवाली के सामने सोमवार शाम हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार सुरक्षा गार्ड जख्मी हो गया। देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
कोखराज कोतवाली के महमदपुर निवासी 47 वर्षीय फूलचंद्र पुणे में रहकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। सात माह पहले ही वह घर आए थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार को वह किसी काम से भरवारी बाजार गए थे। शाम चार बजे घर लौटते समय कोखराज कोतवाली के सामने हाईवे पार करते समय कानपुर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार फूलचंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें पीएचसी मूरतगंज पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन एसआरएन के बजाय शहर के किसी निजी अस्पताल ले गए। जहां, इलाज के दौरान देर रात उनकी सांसें थम गईं।
उधर, दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। फूलचंद्र ने इकलौती बेटी रीना की शादी दो साल पहले ही कर दी थी। दुर्घटना के बाद से पत्नी और बेटी की रो-रोकर हालत खराब है।