कोखराज कोतवाली के चंदीपुर गांव के बसमीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार कास्मेटिक्स कारोबारी की मौत हो गई। कारोबारी बाइक से सामान पहुंचाने करारी जा रहा था। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। टक्कर मारने के बाद कार सवार लोग गाड़ी सहित भाग निकले हैं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर पालिका परिषद भरवारी के मेहता रोड पर रहने वाले विकास केसरवानी (35) कास्मेटिक्स का थोक कारोबार करते थे। मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे वह अपनी बाइक में सामान लादकर उसे पहुंचाने करारी जा रहे थे। जैसे ही वह चंदीपुर प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के पास पहुंचे तभी करारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
घटना में कार सवार लोग भी मामूली रूप से जख्मी हुए थे। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। विकास को गंभीर चोट आई थी। आननफानन उसे एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। विकास अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद भागे थे कार सवार
कारोबारी विकास को टक्कर मारने वाली कार में एक महिला सहित तीन लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों के अनुसार तो कार सवार भी हादसे में जख्मी हुए थे। इसके बाद सभी लोग अपनी कार से भरवारी के एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां मरहम पट्टी कराने के बाद वह कार सहित मौके से निकले। अब पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे से टक्कर मारने वाली कार का पता लगा रही है।