सरायअकिल के मवई गांव के पास नहर पटरी पर मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल होकर रात भर तड़पता रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से अचेत अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सरैंया मजरा धर्मपुर निवासी रामसुंदर प्रजापति (35) ने निकिता चौराहे पर कपड़े की दुकान खोल रखी थी। मंगलवार की शाम वह दुकान बंद कर फजुल्लापुर निवासी अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने गया था।
पुलिस के मुताबिक रात को घर लौटते समय मवई गांव के पास नहर रोड पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाइक समेत गिरकर जख्मी हो गया। रातभर सड़क पर ही वह तड़पता रहा। बुधवार सुबह छह बजे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवक को सीएचसी कनैली भेजा। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव की पहचान कराने के बाद पुलिस ने हादसे की जानकारी रामसुंदर के घर वालों को दी। उसकी मौत की मनहूस खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद से पत्नी सविता के साथ ही बच्चों की रो-रोकर हालत खराब है।
इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर पीएम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।