कनवार बॉर्डर के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल पिता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर किया गया है।
फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बडहा हथगांव निवासी अभय कुमार (19) अपने पिता नरेश कुमार के साथ शनिवार सुबह अजुहा कस्बे में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जैसे ही वे कनवार बॉर्डर के समीप नेशनल हाईवे पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अभय कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि नरेश कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि घटना फतेहपुर जिले की सीमा में हुई है, लेकिन घायलों को सीएचसी सिराथू लाए जाने के कारण यहां से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।