घटना के बाद मौके पर लगी परिजनों की भीड़: संवाद
सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोंहदा मोड़ के पास ससुर खदेरी पुल के समीप नेशनल हाईवे पर सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेकाबू बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अजमतपुर अजुहा निवासी नीरज राजपूत (25) पुत्र दिनेश अपने मोहल्ले के साथी दिलीप पुत्र शिवचंद्र के साथ सोमवार शाम दिलीप के भाई अमरदीप को सिराथू रेलवे स्टेशन से लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लोंहदा मोड़ के पास एक ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि नीरज राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक झारखंड निवासी सुरेश महतो के साथ बाइक पर सवार अमरदीप और दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।