कोखराज थाना क्षेत्र के ननमई मोड़ के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रही महिला को बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवक अनियंत्रित हो गया और उसकी बाइक पास ही होटल परिसर में खड़े कंटेनर में जा घुसी। हादसे में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार अंदावा गांव निवासी पिंटू सरोज (28) पुत्र राजेश सरोज किसी काम से सैनी गया था। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह ननमई मोड़ के पास पहुंचा, तभी सड़क पार कर रही गौसिया बानो (27) पुत्री अब्दुल अजीज अचानक सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में युवक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया।
अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे स्थित एक होटल परिसर में खड़े कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं घायल महिला को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार युवक ने सड़क पार कर रही महिला को बचाने का प्रयास किया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और कंटेनर से टकरा गया। युवक की मौत हो गई है, जबकि महिला का इलाज चल रहा है। -सत्येंद्र तिवारी, क्षेत्राधिकारी