हादसे में अनुभव की मौत के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करती सैनी पुलिस। संवाद
सैनी कोतवाली के गुलामीपुर गांव स्थित हाईवे पर शनिवार रात सांड़ से टकराकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
रीवा के सिरमौर अंतर्गत पिपराहा टोला पल्हन निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा अनुभव सिंह (27) शनिवार को फतेहपुर गया था। रात को वह वापस प्रयागराज की तरफ आ रहा था। वह जैसे ही गुलामीपुर स्थित आरकेबीके पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा था, तभी एक डीसीएम ने सांड़ को टक्कर मार दी। इससे सांड़ इधर-उधर हाईवे पर भागने लगा।
उसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर सांड़ से जा टकराई। हादसे में जख्मी अनुभव गिरकर तड़पने लगा। राहगीर भी मौके पर पहुंचे। लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर पाते, तब तक अनुभव ने सांसें थम गई। पुलिस ने आधार कार्ड व मोबाइल के जरिये परिजनों को घटना की जानकारी दी। फोन पर जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।