स्थानीय कोतवाली के बागवंशी गांव में ब्याही एक युवती ससुरालियों के दहेज प्रताड़ना का शिकार हो गई। भरी पंचायत पति ने विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। बुधवार को तहरीर पर पुलिस ने शौहर समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कड़ाधाम कोतवाली के सिपाह कोठी घोसियाना गांव की सबा बानो का निकाह तीन साल पहले बागवंशी अलावलपुर टिकरी गांव में अतीक अहमद के साथ हुआ था। परिवार के लोग निकाह में मिले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। कुछ दिन बाद से ही पति के साथ ससुराल वाले पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे पीड़ित करने लगे। सालभर पहले ससुरालियों ने जिंदा जलाने की धमकी देकर घर से भगा दिया था।
हालांकि,बाद में बिरादरी की पंचायत के बाद वह दोबारा जाकर रहने लगी थी, लेकिन ससुरालियों के स्वभाव में बदलाव नहीं हुआ। महीनेभर पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। रविवार को दोनों परिवार के बीच फिर पंचायत हुई। भरी पंचायत युवक ने विवाहिता को तीन तलाक देकर चला गया। बुधवार की शाम पीड़िता पिता के साथ कोतवाली पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पति, सास ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।